कुमाऊं से बड़ी खबर -: समय पर इलाज न मिलने के कारण दुनिया में आने से पहले ही नवजात ने तोड़ा दम, गर्भ में उल्टा फंसा बच्चा

पिथौरागढ़| मुनस्यारी के ग्राम पंचायत पातों में हेलीकॉप्टर के समय पर न पहुंचने से महिला ने खेत में ही बच्चे को जन्म दिया| प्रसव के करीब 2 घंटे बाद हेलीकॉप्टर मेडिकल टीम के साथ पहुंचा| जांच के बाद टीम ने नवजात को मृत घोषित कर दिया और हेलीकॉप्टर महिला को लेकर पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचा| जहां महिला का इलाज चल रहा है| जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी ब्लॉक के पातों गांव निवासी लक्ष्मी देवी (25 ) पत्नी श्याम दरियाल को प्रसव पीड़ा हुई| इस पर लोगों ने विधायक को फोन कर मामले की जानकारी दी| विधायक हरीश धामी ने प्रशासन को फोन किया जिसके बाद हेलीकाप्टर को पातों गांव भेजा गया| इधर महिला की पीड़ा बढ़ने लगी और उसने खेत में बच्चे को जन्म दे दिया| आशा कार्यकर्ता ने कहा की, गर्भ में बच्चा उल्टा फसा था, जिसे मुश्किल से निकाला गया| करीब 2 घंटे के बाद हेलीकॉप्टर मेडिकल टीम के साथ वहां पहुंचा| लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी| जांच के बाद टीम ने नवजात को मृत घोषित कर दिया| इसके बाद हेली से महिला को पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया| महिला की हालत में कुछ सुधार है| जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि अगर हेलीकॉप्टर समय पर पहुंच जाता तो नवजात की जान बच जाती |
इधर एसडीएम धारचूला नंदन कुमार का कहना है कि हेलीकॉप्टर के पायलट को वेदर क्लीयरेंस मिलने में थोड़ा समय लगा|