
नैनीताल| आज यानी बुधवार रात धरती को चांदनी रंग में रागिने पूर्णिमा का चांद आ रहा है| इस चांद को सुपरमून का नाम दिया गया है| आज रात चंद्रमा की अलौकिक सुंदरता की दुनिया गवाह बनेगी| यह वर्ष का सबसे बड़ा और धरती के सार्वाधिक करीब चंद्रमा होगा| भारत में रात 12:08 सेकंड पर चंद्रमा धरती के सबसे करीब होगा| आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ खगोल वैज्ञानिक डॉ शशिभूषण पांडेय ने कहा कि पृथ्वी के सर्वाधिक करीब होने पर चांद हम से मात्र 3.57264 लाख किमी दूर होगा| धरती और चंद्रमा के बीच औसत दूरी करीब 3.86 लाख किमी होती है और सार्वाधिक दूरी होने पर लगभग 4.05 लाख किमी दूर पहुंच जाता है| इस वर्ष चंद्रमा हमारे सबसे करीब लगभग 28 हजार किमी दूर पर होगा| इसके चलते चंद्रमा की चमक अन्य दिनों की तुलना में करीब 30 फ़ीसदी अधिक होगी| जबकि आकार में भी करीब 14 फ़ीसदी अधिक बड़ा नजर आएगा| इस खगोलीय घटना में चांद को सुपरमून का नाम दिया गया है जबकि विज्ञानी भाषा में इसे पेरेजी कहा गया है| बताते चलें कि भारत में आज चंद्रमा श्याम 5.43 बजे उदय होगा जबकि नैनीताल में 7.18 बजे उदय होगा और 14 जुलाई की सुबह 4:26 बजे अस्त होगा| इसके बाद 14 जुलाई की रात को भी पूर्ण चंद्रमा नजर आएगा| मगर उसकी चमक कुछ कम होगी और आकार भी कुछ कम होगा| खास बात यह है कि रात 12:08 बजे फुलमून के कुछ समय बाद शनि ग्रह का भी उदय हो रहा होगा|
